Bulletin India.

गढ़वा, संवाददाता।

गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के परसाहा मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक युवक और युवती का शव बरामद किया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल और चाकू भी जब्त किया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

    सुमित का फाइल फोटो

मृतकों की पहचान सुमित कुमार (26 वर्ष), निवासी ─ पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरटांड गांव और कृति कुमारी (24 वर्ष), निवासी ─ पांकी थाना क्षेत्र के सगालिम गांव के रूप में की गई है।

 

⇒ शादीशुदा थी युवती, दो बच्चों की मां

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका कृति की शादी वर्ष 2018 में डाल्टनगंज के संतोष कुमार चंद्रवंशी से हुई थी। कृति दो छोटे बच्चों की मां थी। बताया गया कि वह पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार दोपहर वह घर से राशन लेने के बहाने निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी।

 

रात में परिजनों ने फोन किया तो कृति ने बताया कि वह अगले दिन लौटेगी, क्योंकि ससुराल में किसी की तबीयत खराब है। हालांकि देर रात उन्हें सूचना मिली कि कृति पर चाकू से हमला हुआ है और उसके साथ मौजूद युवक ने खुद को गोली मार ली है।

 

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि सुमित और कृति के बीच प्रेम संबंध था। कृति की बहन की शादी सुमित के घर में हुई थी, जिसकी वजह से कृति का वहां आना-जाना होता था। माना जा रहा है कि इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। हालांकि दोनों के परिजन इस पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

 

सुमित के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह घर से पैदल निकला था। रास्ते में उसने अपने भतीजे को फोन कर बाइक लेकर आने को कहा। भतीजे के पहुंचने पर उसने कृति को भी साथ बैठा लिया और तीनों गढ़वा की ओर निकल पड़े। टहले पुल पहुंचने पर सुमित ने भतीजे को वापस जाने को कहा। देर रात जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच दोनों का शव परसाहा मोड़ के पास से बरामद हुआ।

 

गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगी थी, जबकि युवती के शरीर पर चाकू से वार के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *