बुलेटिन इंडिया, बोकारो संवाददाता।
बोकारो। चास प्रखंड अंतर्गत बिरसा बासा निवासी जोसेफ की भूख व संकट की खबर जैसे हीं मीडिया में सामने आई, जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) को तत्काल राहत प्रदान करने का निर्देश दिया। प्रशासन की तत्परता के तहत जोसेफ को उसी दिन खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध करा दी गई।
उपायुक्त श्री झा ने स्पष्ट किया कि “कोई भूखा न रहे, यह जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का हिस्सा है।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र में रह रहे असहाय, वृद्ध, बीमार या जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें हरसंभव सहायता दी जाए।
इसके साथ ही उपायुक्त ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को अपने आस-पास कोई ऐसा व्यक्ति दिखे जो भोजन या अन्य आवश्यक संसाधनों से वंचित है, तो तुरंत प्रखंड कार्यालय या जिला नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।
प्रशासन ने यह भी दोहराया कि हर व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए समुदाय और प्रशासन के बीच समन्वय जरूरी है।
जिला प्रशासन की यह त्वरित कार्यवाही सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय दायित्वों के निर्वहन का उदाहरण पेश करती है।