• रंगदारी और हवाई फायरिंग मामले में भूमिका आई सामने
Bulletin India.
रांची। राजधानी रांची पुलिस ने गुरुवार को कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। रिया पर गोलाबारी और रंगदारी मांगने के एक संगीन मामले में संलिप्त होने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला डोरंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई हवाई फायरिंग से जुड़ा है। घटना के बाद पुलिस जांच में रिया सिन्हा की भूमिका सामने आने पर उसे हिरासत में लिया गया।
ये खबर भी देखें :-
https://www.facebook.com/share/v/1GrWf6fe66/
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुजीत सिन्हा फिलहाल साहेबगंज जेल में बंद है, लेकिन जेल से ही अपने गिरोह को सक्रिय रखे हुए है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रांची के कई कारोबारियों से रंगदारी वसूलने और धमकाने का काम सुजीत सिन्हा गिरोह द्वारा किया जा रहा था, जिसमें रिया सिन्हा की अहम भूमिका थी।
गौरतलब है कि रिया सिन्हा पहले भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह ने एक दूसरे से हाथ मिलाकर रांची में लेवी वसूलने का नया नेटवर्क तैयार किया था।
रांची पुलिस की विशेष टीम ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर कार्रवाई करते हुए रिया सिन्हा को गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश में जुटी है।
रांची के एसएसपी ने बताया कि “शहर में संगठित अपराध और रंगदारी गिरोह पर सख्त कार्रवाई जारी है। किसी भी अपराधी या उसके सहयोगी को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस ने रिया सिन्हा को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।