Bulletin India, Correspondent.
बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी के चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। जिला अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर चर्चा चल रही है, जिनमें कांग्रेस की सक्रिय महिला नेत्री खुशबू सिंह उर्फ पम्मी सिंह का नाम भी सुर्खियों में है।
पिछले सात-आठ वर्षों से कांग्रेस की सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रही पम्मी सिंह ने कई जनहित के मुद्दों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। विशेषकर बोकारो थर्मल छाई प्वाइंट हादसे में हाइवा चालक की मौत के बाद पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही थी, जिसने व्यापक चर्चा बटोरी थी। इसके अलावा, कांग्रेस के विभिन्न आंदोलनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार देखने को मिलती रही है।
वर्तमान में पम्मी सिंह प्रदेश कांग्रेस पीसीसी डेलीगेट और बोकारो जिला महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिला सशक्तिकरण की पक्षधर रही है, इसलिए उन्हें विश्वास है कि वे जिला अध्यक्ष का चुनाव जीतकर पार्टी की मजबूती के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी।
हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी, मगर अपने संघर्षों और कार्यों के बल पर वे स्वयं को जिला अध्यक्ष पद के लिए एक मजबूत और प्रबल दावेदार मानती हैं।