बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।
बोकारो। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बोकारो जिला संगठन ने सोमवार को एक भव्य समारोह में अपने सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बुद्ध नारायण यादव ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव घनश्याम चौधरी ने किया। इस अवसर पर 200 से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
राजद के सदस्यता अभियान के प्रभारी प्रदेश महासचिव कैलाश यादव और सह प्रभारी मनोज पांडे की उपस्थिति में प्रखंड अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों को 2025-2028 की सदस्यता दी गई।
इस अवसर पर प्रभारी प्रदेश महासचिव कैलाश यादव ने कहा कि बोकारो में राजद मजबूत स्थिति में है और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा, “हम लालू यादव के सिपाही हैं, जो किसी भी परिस्थिति से नहीं डरते। गरीबों, दलितों, अल्पसंख्यकों और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों के लिए हम पूरी ताकत से संघर्ष करते रहेंगे। हमें गर्व है कि तेजस्वी यादव जैसा युवा और परिपक्व नेता हमारे पास है। 2025 में बिहार में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे और सामाजिक न्याय को सर्वोपरि रखकर शासन चलाएंगे।”
सह प्रभारी मनोज पांडे ने भी अभियान की गति को और तेज करने का संकल्प लेते हुए कहा कि वे प्रखंड और पंचायत स्तर पर दौरा करेंगे, ताकि 1 लाख लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा, “राजद एक ए टू जेड पार्टी है, जो सभी जाति और धर्म के लोगों का सम्मान करती है।”
जिला अध्यक्ष बुद्ध नारायण यादव ने विश्वास जताया कि बोकारो जिला, इस बार भी सदस्यता अभियान में पूरे झारखंड में अव्वल रहेगा। उन्होंने कहा, “यहां लालू यादव के विचारों और नीतियों पर चलने वालों की संख्या सबसे अधिक है, और हम इस अभियान में नया इतिहास रचेंगे।”

कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रदेश महासचिव घनश्याम चौधरी ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य आसानी से पूरा कर लिया जाएगा।
इससे पहले, प्रभारी कैलाश यादव और मनोज पांडे का फूल-मालाओं और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में युवा राजद प्रदेश महासचिव जितेंद्र नारायण यादव, युवा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार गिरी और महिला जिला अध्यक्ष हृदया यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में प्रदेश से आए कई वरिष्ठ नेता, जिनमें सुधीर भोग, सदर फातमी, देवेंद्र यादव, नंदन यादव, बोढ़न यादव, विद्युत चंद्र, सुनील यादव, अशोक यादव, अरुण यादव, अजय यादव, रमाकांत शाह, प्रमोद सिंह, लाल मुनी देवी, विष्णु भगवान, मोहम्मद शफी, अयूब, नरेश यादव, सुरेश सिंह, राजकुमार राय, मनोज यादव, राहुल कुमार, सोनू यादव, वीरेंद्र यादव, सच्चिदानंद कुमार, जावेद हसन, भोला यादव, परशुराम यादव, मसूदन पहलवान, कुंदन गुप्ता, रामकुमार स्वर्णकार, शंभू यादव, प्रदीप यादव, संजय यादव, महेंद्र यादव, धनंजय यादव, उमाशंकर सिंह, मुकेश यादव, मदन यादव, भोली यादव, संजय रजक और मोहम्मद करीमुद्दीन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
राजद के इस सदस्यता अभियान से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, और पार्टी ने एक मजबूत संगठनात्मक आधार तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है।