• जमशेदपुर में फुटबॉल खिलाड़ी से दिनदहाड़े चेन लूट, अपराधी पिस्टल दिखाकर फरार।
Bulletin India, Correspondent.
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र से जमशेदपुर में अपराधियों का हौसला एक बार फिर बुलंद दिखाई दिया है। शुक्रवार की सुबह कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंक रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक फुटबॉल खिलाड़ी से नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन लूट ली।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, फुटबॉल खिलाड़ी रामदेव सिंह प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह भी टहलने निकले थे। इसी दौरान लिंक रोड पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवक अचानक तेज रफ्तार से आए और उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शी मॉर्निंग वॉकर एस.एल. दास ने बताया कि दोनों अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर रामदेव सिंह को धमकाया और उनके गले से सोने की चेन झपट ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से मॉर्निंग वॉकरों में भी भय व्याप्त हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। वहीं स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर नाराजगी जताई है और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
👉 इस प्रकार की घटनाओं ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।