गैंगस्टर अमन साहू का एनकाउंटर: झारखंड पुलिस की गाड़ी पलटी, भागने की कोशिश में मार गिराया गया
बुलेटिन इंडिया, डेस्क।
रांची/रायपुर: झारखंड पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को एक मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, अमन साहू को रायपुर से झारखंड लाते समय रास्ते में उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे ढेर कर दिया।

गाड़ी पलटने के बाद पुलिस पर किया हमला
झारखंड पुलिस की एक विशेष टीम अमन साहू को रायपुर से झारखंड ला रही थी। रास्ते में, अचानक पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान, अमन साहू ने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीनने की कोशिश की और भागने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उसने फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और मुठभेड़ में वह मारा गया।
इस घटना को उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर से जोड़ा जा रहा है। विकास दुबे का भी एनकाउंटर तब हुआ था जब उसे पुलिस यूपी लाते समय गाड़ी पलटने के बाद भागने की कोशिश के दौरान मार गिराया गया था।
अमन साहू: झारखंड का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर
अमन साहू झारखंड के सबसे बड़े अपराधियों में से एक था, जिस पर हत्या, फिरौती, रंगदारी, और कई अन्य संगीन अपराधों के आरोप थे। उसने झारखंड और बिहार में अपने गैंग के जरिए आतंक फैला रखा था। पुलिस ने लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और हाल ही में उसे रायपुर से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस का बयान
झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “अमन साहू को कड़ी सुरक्षा में लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें उसकी मौत हो गई।”
अमन साहू के एनकाउंटर के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने इस मुठभेड़ पर सवाल उठाए हैं और न्यायिक जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह एनकाउंटर कानून के मुताबिक सही प्रक्रिया में हुआ।

झारखंड में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई चर्चा में आ गई है। अमन साहू के मारे जाने के बाद, उसके गैंग के बाकी सदस्यों पर भी पुलिस की नजर है। आने वाले दिनों में पुलिस की ओर से अपराधियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जा सकती है।