• धनबाद सांसद पर कांग्रेस का तीखा हमला, संपत्ति जांच के बाद बिगड़ा मानसिक संतुलन : जवाहर लाल महथा

Bulletin India.

बोकारो। धनबाद सांसद पर कांग्रेस ने तीखा प्रहार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। बोकारो जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि अदालत द्वारा सांसद की कथित 40 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति की जांच का आदेश दिए जाने के बाद से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।

 

महथा ने आरोप लगाया कि खुद को बचाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांसद लगातार बेरमो विधायक अनुप सिंह, पूर्व प्रत्याशी अनुपमा सिंह और कांग्रेस कमिटी पर ओछे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद ने कभी जनसमस्याओं को लेकर प्रेस वार्ता नहीं की, बल्कि हमेशा निजी स्वार्थ और परिवारवाद की राजनीति करते रहे हैं।

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सांसद बनने के बाद बोकारो में लूट-खसोट और अवैध वसूली बढ़ी है। लोहा, कोयला और बालू की उगाही उनके नाम पर की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि “मजदूर-किसान का बेटा” कहने वाले सांसद बताएँ कि उनकी इतनी अकूत संपत्ति आखिर आई कहाँ से।

महथा ने आगे कहा कि प्रेम महतो के परिवार को अब तक न तो नौकरी दी गई और न ही प्रतिमा स्थापित की गई। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सांसद कांग्रेस फोबिया से ग्रस्त हैं और उद्योग जगत में अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव मनोज कुमार, उपाध्यक्ष अशोक मिश्रा, महासचिव मो. नाजिर, पीयूष पाठक, गौरव राय, सुधीर जायसवाल, दीपक कुमार, राजेश कुमार, असीम शर्मा एवं बदरे आलम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *