बोकारो जिले में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का संयुक्त निरीक्षण, केंद्र व राज्य सरकार की टीम ने व्यक्त की संतुष्टि
बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।
बोकारो। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार तथा झारखंड सरकार के आयुष निदेशालय की दस सदस्यीय संयुक्त टीम ने बोकारो जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने ओ.पी.डी. रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, कैंप रजिस्टर, योगा रजिस्टर, केंद्रों के भौतिक ढांचे एवं साफ-सफाई की स्थिति की विस्तार से जांच की।
निरीक्षण के क्रम में टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पेटरवार, बोकारो स्टील सिटी, कोरिया, चंदनकियारी सहित अन्य केंद्रों का दौरा किया। इसके अलावा, दस बेड वाले निर्माणाधीन महर्षि चरक आयुष अस्पताल, बोकारो का भी निरीक्षण किया गया।

संयुक्त टीम में शामिल अधिकारी
इस निरीक्षण दल में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय से निदेशक जसविंदर सिंह, रिसर्च ऑफिसर डॉ. वकार अहमद, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. गजेन्द्र बघेल, विनय कुमार सिंह तथा शशांक कुमार झा शामिल थे। वहीं, झारखंड सरकार के आयुष निदेशालय से डॉ. कृष्ण कुमार (उपनिदेशक, आयुर्वेद), डॉ. अशोक पासवान (उपनिदेशक, होम्योपैथी), डॉ. अनुज कुमार मंडल एवं मयंक अशोक ने भाग लिया।

बोकारो जिले में निरीक्षण कार्य में सहयोग के लिए जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिवशंकर पांडे, जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. ए.के. प्रसाद तथा विमल मिश्रा भी टीम के साथ उपस्थित रहे।

संयुक्त टीम ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया
निरीक्षण के उपरांत भारत सरकार एवं झारखंड सरकार की इस संयुक्त टीम ने जिले में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। टीम ने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और केंद्रों की संचालन प्रक्रिया की सराहना की, साथ ही आवश्यक सुधारों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए।

आयुष मंत्रालय का यह निरीक्षण राज्य में आयुष चिकित्सा सेवाओं की मजबूती और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।