बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।
बोकारो। पिण्ड्राजोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चास के तेलीडीह बस्ती निवासी 42 वर्षीय कृष्णा महतो की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्णा महतो अपनी पत्नी के साथ स्पलेंडर बाइक (JH 09BC 3277) से पुरूलिया स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान जब वे चास आईटीआई मोड़ के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (JH 09AR 5648) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक इतनी तेज गति में था कि टक्कर के बाद बाइक कुछ दूर तक सड़क पर घसीटती चली गई।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल दंपत्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्णा महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।