बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।
बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के बांध कथारा स्थित अंबेडकर भवन में रविवार को भीम आर्मी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोमिया प्रखंड अध्यक्ष अमरजीत कुमार ने की, जबकि संचालन प्रखंड प्रभारी मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गोवर्धन रविदास मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष गोवर्धन रविदास ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजय रविराज के नेतृत्व में बोकारो जिला संगठन मजबूत तरीके से कार्य कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि जिले के सभी प्रखंडों में भीम पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। साथ हीं बताया कि चास और चंदनकियारी प्रखंड कमिटी का गठन अगले दो माह में कर लिया जाएगा।
बैठक में पेटरवार प्रखंड प्रभारी के रूप में हरेंद्र कुमार राम और जरीडीह प्रखंड अध्यक्ष के रूप में जगदंबा घांसी की नियुक्ति की गई। इस मौके पर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद से प्रेरित होकर कई लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष गोवर्धन रविदास ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष धरम घासी, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार, कैलाश महतो, सतेन्द्र कुमार राम, प्रकाश तुरी, नकुल रविदास, बिनोद कुमार दास, ब्रजेश कुमार तुरी, गणेश रविदास और अशोक कुमार भुइंया मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष ने जानकारी दी कि जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष संजय रविराज के नेतृत्व में पेटरवार में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।