बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।

बोकारो। बोकारो स्टील सिटी के को-ऑपरेटिव कॉलोनी में 11 मई को हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मृतक बीएसएल के सेवानिवृत्त अधिकारी 80 वर्षीय कालिका राय की हत्या उन्हीं के किरायेदार की पत्नी रूणा देवी ने लोढ़ा (पीसने वाला पत्थर) से सिर कुचलकर कर दी थी। पुलिस ने आरोपिता को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

 

यह जानकारी सोमवार को सिटी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने दी। उनके साथ सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास, सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार, पुलिस अधिकारी महती बोयपाय, शैलेन्द्र पासवान, नीरज सेठ, रीता पासवान सहित मामले की जांच के लिए एसपी मनोज स्वर्गीयारी द्वारा गठित विशेष टीम के सदस्य उपस्थित थे।

 

छेड़छाड़ से तंग आकर की हत्या

डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि मृतक कालिका राय अक्सर अपने मकान में रहने वाले किरायेदार नवल ठाकुर की 60 वर्षीय पत्नी रूणा देवी को किसी न किसी बहाने अपने पास बुलाते थे और अशोभनीय हरकतें करते थे। विरोध करने पर वे किराया देने की धमकी देते थे। घटना वाले दिन जब घर में कोई नहीं था, तब कालिका राय ने मछली देने के बहाने रूणा देवी को बुलाया और गलत नियत से दुर्व्यवहार करने लगे। इसी बीच नाराज रूणा देवी ने पास रखे लोढ़ा से उनके सिर पर वार कर दिया जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से अर्धनग्न अवस्था में कालिका राय का शव बरामद किया था।

 

हत्या के बाद घर में लगाया ताला

हत्या के बाद रूणा देवी ने घर में ताला लगाकर चाबी पीछे फेंक दी और सामान्य व्यवहार करते हुए वहां से निकल गई। पुलिस को घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लोढ़ा, खून से सनी नाइटी और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

 

मृतक के बेटे ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी

मृतक कालिका राय कॉलोनी के मकान संख्या 192A में रहते थे। उनके तीन पुत्रों में से दो उनके साथ नहीं रहते थे, जबकि एक पुत्र उस दिन बाहर गया हुआ था। बड़े पुत्र विनय सिंह ने सिटी थाना में प्राथमिकी (संख्या 92/2025) दर्ज करवाई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

By admin

One thought on “80 वर्षीय वृद्ध करता था महिला किराएदार से छेड़छाड़, तंग आकर महिला ने की वृद्ध की हत्या”
  1. महिला का आरोप सही नहीं लगता है। सम्पत्ति हड़पने का मामला भी हो सकता है। 80 वर्षीय वृद्ध पर महिला द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाना और फिर हत्या कर फरार होना संदेह पैदा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *