बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।
नई दिल्ली। अधिवक्ता एवं लेखिका पल्लवी प्रसाद द्वारा लिखित हिंदी उपन्यास ‘काठ का उल्लू’ का भव्य लोकार्पण विश्व पुस्तक मेले, नई दिल्ली में लोकभारती प्रकाशन – राजकमल प्रकाशन समूह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में चर्चित हिंदी उपन्यासकार एवं जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष जनाब अब्दुल विस्मिल्लाह, प्रख्यात हिंदी लेखक फणीश्वरनाथ रेणु के पुत्र दक्षिणेश्वर रेणु तथा वरिष्ठ हिंदी साहित्यकार विकास झा उपस्थित रहे। इन साहित्यकारों ने उपन्यास पर विस्तृत चर्चा की और इसकी विषयवस्तु की सराहना की।
‘काठ का उल्लू’ के माध्यम से लेखिका पल्लवी प्रसाद ने समाज को एक अनूठी कथा से परिचित कराया है, जो न केवल पाठकों को गहनता से सोचने पर विवश करेगी बल्कि मनोरंजन भी प्रदान करेगी।
इस लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उपन्यास पर संवाद भी आयोजित किया गया, जिसमें साहित्य प्रेमियों और लेखकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उपन्यास के प्रति दर्शकों की उत्सुकता देखते हुए इसे हिंदी साहित्य में एक महत्वपूर्ण कृति के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
