• पूजा महतो व बेबी महतो पर SC-ST थाने में मामला दर्ज
• सामाजिक संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग, बोकारो में बढ़ी राजनीतिक हलचल
Bulletin India, Correspondent.
बोकारो। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर बोकारो में आक्रोश फैल गया है। इस मामले में जिला के सामाजिक संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री एवं उनकी अर्धांगिनी के लिए अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसे लेकर आदिवासी बचाओ मोर्चा, बोकारो जिला इकाई की ओर से पूजा महतो और बेबी महतो के खिलाफ SC/ST सिटी थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष अमित सोरेन, आकाश टुडू, अनिल मुर्मू, सोहराय हांसदा, अजित मुर्मू, प्रदीप सोरेन, अजय हेम्ब्रम, डिफेंड किस्कू, राहुल मुर्मू, महेश सोरेन, सोहन मांझी, विजय माझी एवं फूलचंद मुर्मू शामिल थे।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के संवैधानिक प्रमुख हैं, ऐसे में उनके और उनके परिवार के प्रति इस तरह की अभद्र टिप्पणी न केवल निंदनीय है बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास भी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित वीडियो के स्रोत और उसके प्रसार की प्रक्रिया की भी पड़ताल की जा रही है।
👉 इस घटना के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और विभिन्न संगठनों ने सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील की है।