• गोमिया से बड़ी खबर: सबसे कम उम्र की मुखिया सपना रहस्यमय ढंग से लापता, परिवार और पुलिस चिंतित

Bulletin India, Correspondent.

गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिले की राजनीति और ग्रामीण समाज इन दिनों एक अजीब संकट में है। पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना 2 अक्टूबर की दोपहर से रहस्यमय तरीके से गायब हैं। जिले की सबसे कम उम्र की महिला मुखिया अचानक लापता हो जाने से परिवारजन ही नहीं, पुलिस और पूरा गांव परेशान है।

 

घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं

जानकारी के अनुसार सपना 2 अक्टूबर को दोपहर में अपने घर से बाहर निकली थीं। उसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चल सका। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन जब कुछ हाथ नहीं लगा तो पति ने गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

पुलिस जांच में जुटी

शिकायत मिलते ही गोमिया पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सपना की कोई जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है।

 

सबसे कम उम्र की मुखिया रही हैं सपना

गौरतलब है कि 2022 के पंचायत चुनाव में सपना ने महज 19 वोटों से जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को हराकर बोकारो जिले की सबसे कम उम्र की महिला मुखिया बनने का गौरव हासिल किया था। सक्रिय और कर्मठ प्रतिनिधि के तौर पर उनकी अलग पहचान रही है।

 

गांव में अफवाहों का बाजार गर्म

त्योहारों की चहल-पहल के बीच मुखिया के इस तरह अचानक गायब हो जाने से ग्रामीण हैरान हैं। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैल रही हैं—कुछ लोग इसे सामान्य घटना मान रहे हैं, तो कुछ इसे किसी गहरी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं।

 

फिलहाल पुलिस टीम उनकी खोज में लगातार छापेमारी कर रही है और परिजन उनकी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *