Bulletin India, Correspondent.
धनबाद। धनबाद जिले के भूली ब्लॉक-B में शुक्रवार को भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्गा पूजा के अवसर पर तैयार किया जा रहा करीब 60 फीट ऊँचा भव्य पंडाल अचानक ध्वस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पंडाल में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
👉 बरसात बनी कारण, बड़ी त्रासदी टली।
👉 पूजा से पूर्व ही धराशायी हुआ पंडाल।
👉 समिति ने वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी शुरू की।
स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि इस बार माँ दुर्गा हाथी पर सवार होकर आई हैं, जिसके कारण बारिश की संभावना पहले से जताई जा रही थी। लगातार हो रही वर्षा के बीच शुक्रवार को यह आशंका वास्तविकता में बदल गई और विशालकाय पंडाल मलबे में तब्दील हो गया।
ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि यदि यह हादसा पूजा के दौरान होता तो गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे। फिलहाल, पंडाल समिति क्षति का आकलन कर रही है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने पर विचार कर रही है।