बुलेटिन इंडिया, मुरी संवाददाता।
मुरी। मुरी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बड़ा मुरी गांव में सोमवार देर रात भारी बारिश के चलते एक कच्चा घर ढह गया, जिससे मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान 35 वर्षीय फूलो देवी के रूप में की गई है, जबकि घायल व्यक्ति उनके मामा श्रीराम मुंडा हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलो देवी पिछले दो वर्षों से अपने मामा श्रीराम मुंडा के साथ पुराने कच्चे मकान में रह रही थीं। सोमवार की रात दोनों ने भोजन कर विश्राम किया था। देर रात हुई मूसलधार बारिश के कारण अहले सुबह लगभग 3 बजे घर भरभराकर गिर गया।
घर के अंदर सो रही फूलो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास के कमरे में सो रहे श्रीराम मुंडा घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल सिल्ली अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने फूलो देवी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल श्रीराम मुंडा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिंगपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा आपदा राहत के तहत सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
वहीं, इस घटना को लेकर झारखंड सरकार की आवास योजना “अबुआ आवास योजना” पर स्थानीय लोग सलाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब जरूरतमंद लोगों को हीं आवास का लाभ नहीं मिल रहा है तो ऐसी योजना का क्या मतलब।