⇒ घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र के चांगोंसिंघा गांव में हादसे के बाद मचा हड़कंप, दो घायलों की हालत गंभीर
बुलेटिन इंडिया, संवाददाता गिरिडीह।
गिरिडीह। जिले के घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र अंतर्गत चांगोंसिंघा गांव में रविवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में शामिल स्टील के ताजिया के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार से टकरा जाने के कारण करंट फैल गया। घटना में मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग झुलस कर घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुहर्रम के जुलूस के दौरान जैसे ही स्टील का ताजिया गांव के एक संकरे रास्ते से गुजर रहा था, वह ऊपर लटक रही हाईटेंशन तार से संपर्क में आ गया। बिजली के तार के संपर्क में आ जाने से ताजिया ढो रहे 10 लोग चपेट मे आ गए। जिसमे गंभीर रूप से घायल चार युवकों को घोड्थम्बा स्थित निजी क्लिनिक ले जाया गया। जहां आजाद अंसारी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि शाहिद अफरीदी, आशिक़ अंसारी, साबिर अंसारी को प्रार्थमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राजधनवार भेज दिया गया।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल और आसपास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह जुलूस हर साल इसी रास्ते से गुजरता है, बावजूद इसके हाईटेंशन तारों की ऊंचाई को लेकर कोई सावधानी नहीं बरती गई।
प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस दुखद घटना ने मुहर्रम के गमगीन माहौल को और भी पीड़ादायक बना दिया है। स्थानीय प्रशासन से लेकर सामाजिक संगठनों तक ने शोक संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।