• सबसे छोटे भाई भरत कपूर के निधन से मंत्री योगेन्द्र प्रसाद शोकाकुल, समर्थकों में भी छाया मातम

• हैदराबाद में इलाज के दौरान सुबह 6 बजे अंतिम सांस ली, AIG अस्पताल में थे भर्ती

• पिता के बाद अब भाई का निधन, सात महीने में दूसरी बड़ी पारिवारिक क्षति

बुलेटिन इंडिया, डेस्क।

रांची/रामगढ़। गोमिया के विधायक एवं झारखंड सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेन्द्र प्रसाद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंत्री श्री प्रसाद के सबसे छोटे भाई भरत कपूर का निधन आज बुधवार सुबह लगभग 6 बजे हैदराबाद के AIG अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया। वे विगत 9 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे और उनका इलाज जारी था, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

 

परिवार के सूत्रों के अनुसार, भरत कपूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें हैदराबाद ले जाया गया था। लगातार चिकित्सकीय निगरानी में होने के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया और आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

 

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री श्री योगेन्द्र प्रसाद सहित पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। वे स्वयं हैदराबाद में मौजूद हैं और घटना से स्तब्ध एवं अत्यंत शोकाकुल हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, भरत कपूर का पार्थिव शरीर आज देर शाम तक रांची या गोमिया लाया जा सकता है, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होगी।

 

ज्ञात हो कि बीते विधानसभा चुनाव के दौरान ही मंत्री श्री प्रसाद के पिता का निधन हो गया था। महज सात महीने के भीतर पिता और अब छोटे भाई को खोने का गम मंत्री और उनके परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। यह खबर सुनते ही गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता, शुभचिंतक एवं समर्थक भारी दुख में डूब गए हैं। विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने मंत्री श्री प्रसाद और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

स्थानीय लोगों ने भरत कपूर को एक मृदुभाषी, मिलनसार और सामाजिक सरोकार रखने वाले व्यक्ति के रूप में याद किया। गोमिया एवं बोकारो क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग मंत्री के दुख में सहभागी बनने के लिए उनके निवास की ओर आने लगे हैं।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियाँ की जा रही हैं, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *