⇒ लगातार बारिश से चाईबासा में कहर: कच्चा मकान ढहने से महिला की मौत, तीन मासूम घायल।

⇒ पीएम आवास योजना व अबुआ आवास योजना की हकीकत।

बुलेटिन इंडिया, चाईबासा संवाददाता।

चाईबासा/चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत कुलीतोडांग गांव में गुरुवार की सुबह बारिश जनित हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे हुआ, जब भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभरा कर ढह गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलीतोडांग पंचायत के कुलीतोडांग गांव निवासी गुरुवारी दोंगो (पति रंगिया दोंगो) अपने बच्चों के साथ घर में थीं। तभी अचानक उनका मिट्टी का बना कच्चा मकान लगातार बारिश के दबाव में ढह गया। हादसे में गुरुवारी दोंगो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन वर्षीय पुत्र सुनील दोंगो, डेढ़ वर्षीय पुत्र गुलशन दोंगो और सात वर्षीय भतीजी हिलरी पूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

मकान के मलबे में दबे सभी लोग स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाले गए। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

 

पंचायत मुखिया माझी जोंको ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से अविलंब मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह हादसा प्रशासन की ओर से आपदा पूर्व तैयारी में कमी को दर्शाता है।

 

मृतका के पति रंगिया दोंगो तमिलनाडु में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही उन्हें भी खबर दी गई है, और वे घर लौटने की तैयारी में हैं।

 

स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर कुछ खाद्यान्न और अस्थायी सहायता उपलब्ध कराई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश भी देखा जा रहा है।

Advertisement

बारिश के कारण बिगड़ते हालात

ज्ञात हो कि चाईबासा एवं आस-पास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई कच्चे घरों में दरारें आ गई हैं और गांवों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। यदि बारिश इसी प्रकार जारी रही तो और भी हादसों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

पीएम आवास योजना व अबुआ आवास योजना की सच्चाई 

यह घटना केंद्र की प्रधानमंत्री आवास योजना तथा राज्य सरकार की अबुआ आवास योजना की हकीकत को बयां करता है। राजनीतिक पार्टियां आम जनता का विश्वास हासिल करने के लिए क‌ई तरह की योजना की घोषणा करती है। उस योजना को लागू भी किया जाता है, लेकिन क्या धरातल पर ये योजनाएं सही तरीके से लागू हो रही है यह गंभीर सवाल है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *