बुलेटिन इंडिया, रांची संवाददाता।

रांची। कार्तिक उरांव फ्लाईओवर (जिसे सिरमटोली फ्लाईओवर भी कहा जाता है) पर खतरनाक बाइक स्टंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक से जानलेवा स्टंट करता नजर आ रहा है, जिसे देखकर आमजन में आक्रोश और चिंता दोनों देखी जा रही है। वीडियो के वायरल होते ही यह मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद परिवहन मंत्री और रांची पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया।

पुलिस की विशेष टीम, कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र में छापेमारी की और उस बाइक को जब्त कर लिया गया जिससे फ्लाईओवर पर स्टंट किया गया था। हालांकि, स्टंट करने वाला आरोपी युवक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने युवक की पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक को मोहल्ले में “हंटर @ राइडर” के नाम से जाना जाता है और वह अक्सर बाइक से स्टंट करते हुए देखा गया है। मोहल्ले में उसकी पहचान एक “स्टंटबाज” के रूप में है, जिसे युवाओं के बीच भी एक अलग तरह की लोकप्रियता हासिल है। लेकिन अब यह लोकप्रियता कानून की नजर में एक गंभीर अपराध बन चुकी है।

 

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के स्टंट न केवल खुद के लिए बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा हैं। इस तरह की गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रांची पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कोई इस युवक के बारे में जानकारी रखता है तो पुलिस को सूचित करें।

 

फिलहाल, जब्त की गई बाइक को सदर थाना में रखा गया है और युवक की तलाश जारी है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि आरोपी युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

Advertisement

यह घटना एक बार फिर रांची में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिम्मेदार अधिकारियों ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए फ्लाईओवरों और प्रमुख सड़कों पर निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *