बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।

रांची। रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई ग्रामसभा अचानक हिंसक हो उठी, जब असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में लापुंग थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा का आयोजन एक पुराने भूमि विवाद के समाधान के लिए किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में जैसे ही चर्चा शुरू हुई, कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया। हमले में थाना प्रभारी यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राज हॉस्पिटल रेफर किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रांची के DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा राज हॉस्पिटल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली DSP सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

Advertisement

वहीं, लापुंग थाना क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *