बुलेटिन इंडिया, संवाददाता।
बोकारो। चंदनकियारी के एक छोटे से गांव तियाड़ा से ताल्लुक रखने वाले राज कुमार महतो ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 557वीं रैंक हासिल की है। उनके इस उपलब्धि पर न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
राज कुमार महतो की सफलता खास मायने रखती है क्योंकि वे चंदनकियारी जैसे पिछड़े क्षेत्र से आते हैं, जहां शिक्षा व संसाधनों की सीमित उपलब्धता है। इसके बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से तैयारी कर देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षा में सफलता अर्जित की है।

राज कुमार के पिता राम पद महतो एक व्यवसायी हैं। उनका अखबार से जुड़ा कारोबार है, और परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है। इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और पढ़ाई को ही अपना लक्ष्य बनाया। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू की। सीमित संसाधनों में रहकर उन्होंने सेल्फ स्टडी के माध्यम से तैयारी की और अंततः 557वीं रैंक के साथ सफलता प्राप्त की।
राज कुमार महतो ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को दिया है। उन्होंने कहा, “अगर मन में ठान लिया जाए और निरंतर मेहनत की जाए, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। मेरी कोशिश रहेगी कि प्रशासनिक सेवा में रहकर समाज के लिए काम कर सकूं।”
उनकी सफलता ने चंदनकियारी के युवाओं के बीच एक नई उम्मीद जगाई है। गांव के लोग, शिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। कई स्थानीय संस्थाओं ने भी उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है।

राज कुमार महतो अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) या अन्य केंद्रीय सेवाओं में शामिल होकर देश सेवा करने की ओर अग्रसर होंगे। उनकी यह उपलब्धि चंदनकियारी सहित पूरे बोकारो जिले के लिए गौरव का विषय बनी हुई है।